राज्य
28-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। नूंह हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक मामन खान पर बढ़ती कानूनी कार्रवाई और यूएपीए लगने से हरियाणा कांग्रेस सतर्क है। भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में विधायकों ने राज्यपाल से मिलकर इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया और मामले में हस्तक्षेप की मांग फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक और नूंह हिंसा के आरोपी मामन खान पर बढ़ती कानूनी कार्रवाई को लेकर हरियाणा कांग्रेस को उनकी गिरफ्तारी का डर है। इसी को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में चंडीगढ़ में राज्यपाल प्रो. असीम घोष से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मामन खान हमारे विधायक हैं। उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के तहत जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उस संबंध में हमने राज्यपाल को ज्ञापन दिया है। थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि हमारे विधायक साथी को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन पर दबाव बनाया जा रहा है और लगातार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। हमने राज्यपाल से कहा है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और सरकार को निर्देश दें कि इस तरह की द्वेषपूर्ण भावना न रखी जाए। हम सभी विधायक मामन खान के साथ हैं और यदि जरूरत पड़ी, तो इस मुद्दे को विधानसभा के अंदर और बाहर भी उठाएंगे। बता दें कि 31 जुलाई 2023 को नूंह में नल्हड़ स्थित नल्हेश्वर मंदिर से ब्रजमंडल यात्रा निकाली गई थी। यात्रा निकलने के बाद तिरंगा पार्क के पास पथराव हो गया था और नूंह व आसपास के जिलों में हिंसा फैल गई। इस हिंसा में होमगार्ड के दो जवानों सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए। गौरक्षक मोनू मानेसर, बिट्टू बजरंगी और कांग्रेस विधायक मामन खान पर हिंसा भड़काने के आरोप लगे थे। मामन खान को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इस केस में मामन खान के खिलाफ यूएपीए सहित कई गंभीर धाराएं जोड़ दी गई हैं। इनमें सांप्रदायिक हिंसा भड़काने, साजिश रचने और अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। - ईएमएस/28/ अप्रैल /2026