:: नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और संस्कृति रक्षा का देगी संदेश, 17 से 21 मई तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में सनातन धर्म के प्रति अलख जगाने और समाज को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से अतुल्य सेवा सनातन इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा सनातन जागृति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह भव्य यात्रा 17 मई से शुरू होकर 21 मई तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में निकलेगी। यात्रा का मुख्य ध्येय समाज में फैली कुरीतियों को दूर करना और जन-जागरूकता फैलाना है। इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष एवं युवा संत स्वामी अतुलानंद सरस्वती महाराज तथा संजय अग्रवाल ने यात्रा की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से मुख्य रूप से नशा मुक्ति, जीव हत्या पर रोक, पर्यावरण की रक्षा, भारतीय संस्कृति का संरक्षण और सनातन जागृति अभियान पर विशेष जोर दिया जाएगा। यात्रा प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक निकलेगी, जिसमें रोजाना करीब 1000 लोग शामिल होकर संदेश का प्रचार-प्रसार करेंगे। स्वामी अतुलानंद सरस्वती महाराज ने बताया कि यात्रा का पहला चरण 17 मई को सिद्धेश्वर धाम आश्रम (तेजाजी नगर) से शुरू होकर तीन इमली चौराहा स्थित मैदान पर संपन्न होगा। दूसरे दिन 18 मई को यात्रा तीन इमली चौराहा से शुरू होकर मूसाखेड़ी, पिपलियाहाना, बंगाली चौराहा और खजराना होते हुए रोबोट चौराहे तक पहुंचेगी। तीसरे दिन 19 मई को रोबोट चौराहा से शुरू होकर विजय नगर, पाटनीपुरा और मालवा मिल होते हुए मरीमाता क्षेत्र में विश्राम लेगी। चौथे दिन 20 मई को मरीमाता से 60 फिट रोड और कालानी नगर होते हुए यात्रा बड़ा गणपति क्षेत्र तक जाएगी। अंतिम दिन 21 मई को बड़ा गणपति से यात्रा खजूरी बाजार, राजवाड़ा और पंढरीनाथ होते हुए लालबाग और महू नाका के पास भव्यता के साथ संपन्न होगी। :: प्रशासन से सहयोग की अपील :: युवा संत स्वामी अतुलानंद सरस्वती महाराज ने इस धार्मिक व सामाजिक आयोजन के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, इसके लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को उचित निर्देश दिए जाएं। प्रकाश/28 अप्रैल 2026