:: बैंक का शुद्ध लाभ ₹832 करोड़, चालू वित्त वर्ष के लिए 10 फीसदी डिविडेंड का ऐलान :: मुंबई/इंदौर (ईएमएस)। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने वित्तीय वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजार की उम्मीदों को पार कर लिया है। बैंक ने अपने शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 65 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की है, जो ₹832 करोड़ पर पहुंच गया है। बैंक के मजबूत वित्तीय आधार और तकनीकी निवेश के चलते पूरे वित्त वर्ष 2026 का मुनाफा 25 फीसदी बढ़कर ₹2,641 करोड़ हो गया है। बैंक के निदेशक मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026 के लिए ₹1 प्रति शेयर (फेस वैल्यू का 10 फीसदी) के डिविडेंड की घोषणा की है। बैंक के एमडी एवं सीईओ संजय अग्रवाल ने इसे बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि बैंक अब यूनिवर्सल बैंकिंग के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। :: तकनीक और एआई में निवेश की नई राह :: एयू बैंक ने बैंकिंग संचालन को और सुगम बनाने के लिए एजेंटिक एआई प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके साथ ही गोल्ड लोन के लिए बैंक ने अपना पहला एआई-नेटिव लोन ओरिजिनेशन सिस्टम भी शुरू कर दिया है। बैंक का मानना है कि यह डिजिटल पहल बैंकिंग सेवाओं को नए सिरे से परिभाषित करेगी। वित्तीय सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए बैंक ने इस तिमाही में 64 नए टचपॉइंट जोड़े हैं, जिसके साथ कुल टचपॉइंट की संख्या 2,790 हो गई है। :: एसेट क्वालिटी में आया सुधार :: वित्तीय परिणामों के अनुसार, बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता (एसेट क्वालिटी) में भी निरंतर सुधार देखने को मिला है। मार्च 2026 तक बैंक का सकल एनपीए घटकर 2.03 फीसदी पर आ गया है, जो दिसंबर 2025 में 2.30 फीसदी था। इसी तरह शुद्ध एनपीए भी 0.88 फीसदी से कम होकर 0.74 फीसदी दर्ज किया गया है। बैंक का कुल जमा पोर्टफोलियो 23 फीसदी की वृद्धि के साथ ₹1,52,661 करोड़ और ऋण पोर्टफोलियो 21 फीसदी की वृद्धि के साथ ₹1,40,327 करोड़ तक पहुंच गया है। :: नेतृत्व में बड़े बदलाव :: बैंक के नेतृत्व संरचना में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आरबीआई ने संजय अग्रवाल को तीन वर्षों के लिए एमडी और सीईओ के रूप में फिर से नियुक्ति की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, विवेक त्रिपाठी ने कार्यकारी निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया है और गौरव जैन को बैंक का नया सीएफओ नियुक्त किया गया है। --------------------------------------------------------------------- :: एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का वित्तीय प्रदर्शन (एक नज़र में) :: ------------------------------------------------------------------ मुख मानक प्रदर्शन (Q4FY26) ------------------------------------------------------------------ शुद्ध लाभ (PAT) ₹832 करोड़ (65% YoY वृद्धि) शुद्ध ब्याज आय (NII) ₹2,582 करोड़ (23% YoY वृद्धि) शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 5.96% सकल एनपीए (GNPA) 2.03% शुद्ध एनपीए (NNPA) 0.74% --------------------------------------------------------------------- कुल जमा ₹1,52,661 करोड़ (23% YoY वृद्धि) --------------------------------------------------------------------- प्रकाश/28 अप्रैल 2026