खेल
29-Apr-2026
...


अपने प्रदर्शन से करारा जवाब दिया मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल के इस 19 वें सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रही पंजाब किंग्स के पीछे सबसे बड़ी भूमिका कप्तान श्रेयस अय्यर की रही है। श्रेयस ने स्वयं बेहतर प्रदर्शन और कुशल कप्तानी के जरिये टीम को लगातार जीत दिलायी है। इससे सभी ओर वह छाये हुए हैं। इससे पीछे श्रेयस की कड़ी मेहनत रही है। उन्होंने न केवल अपने खेल को नया आयाम दिया है, बल्कि सबसे छोटे फॉर्मेट में अपने करियर को भी पूरी तरह से बदल डाला है। आज अय्यर केवल पंजाब किंग्स के लिए एक भरोसेमंद बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक प्रभावी फिनिशर और सफल कप्तान भी बन चुके हैं। वहीं एक समय वह आलोचकों के तानो से परेशान हो गये थे। इसका जवाब अब इस बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से दिया है। पहले वह बाउंसर गेंदों के खिलाफ वह कमजोर माने जाते थे पर इस बापर श्रेयस ने मुंबई इंडियंस के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज के खिलाफ शानदार छक्का जड़कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। श्रेयस के अनुसार उन्होंने आलोचकों को गलत साबित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, मेरे आसपास ऐसे लोग हैं जो कहते हैं कि तुम ये नहीं कर सकते, यह असंभव है। मुझे यह सुनना बिल्कुल पसंद नहीं है। एक क्रिकेटर के तौर पर, जो उच्चतम स्तर पर खेल रहा है, मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता। अय्यर ने आगे बताया, फिर मैंने तय किया कि मुझे उन्हें गलत साबित करना है। यह एक चुनौती बन जाती है। मैं सोचता हूं कि मैं इस स्थिति में था, अब कैसे और मजबूत होकर लौटूं? मैं अपने को और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित करता हूं और जल्द से जल्द वापसी करने की कोशिश करता हूं जिससे उन्हें गलत साबित कर सकूं। यही सोच मुझे आगे बढ़ाती है, खासकर चोट के बाद। जब उन्हें पीठ की चोट लगी थी, तब भी कुछ लोगों ने आशंका जताई थी कि वे पहले जैसे नहीं रह पाएंगे। इस पर अय्यर ने खुद से सवाल किया, क्यों नहीं रह सकता? उनका मानना है कि चोट के बाद अपनी सोच को कैसे बदलते हैं, यह बहुत जरुरी है। आप यह तय करते हैं कि किस पर ध्यान देना है और किसे नजरअंदाज करना है। ‘शॉर्ट बॉल कमजोरी’ पर भी उन्हें कमजोर बाला गया। इसे भी इस बल्लेबाज ने दूर किया। अय्यर ने माना कि ये ताने उन्हें “ट्रिगर” करते थे और उन्होंने इस कमजोरी को दूर करने के लिए कड़ी मेहनत करने का फैसला किया। अपनी इस चुनौती के बारे में उन्होंने कहा, लोग कहते थे कि मैं अपनी शॉर्ट बॉल की समस्या कभी ठीक नहीं कर पाऊंगा। यही बात मुझे ट्रिगर करती थी। मैं उन्हें गलत साबित करना चाहता था, इसलिए मैंने इस पर कड़ी मेहनत की। उन्होंने अपनी सोच में आए बदलाव को भी साझा किया। पहले वे सिर्फ सिंगल लेने या गेंद को नीचे रखने की कोशिश करते थे, लेकिन अब उनका नजरिया बदल गया है। अय्यर कहते हैं, अब मेरी सोच बदल गई है। अगर मुझे अपनी रेंज में शॉर्ट बॉल दिखती है, तो मैं उसे छक्के के लिए मारूंगा। गिरजा/ईएमएस 29 अप्रैल 2026