खेल
29-Apr-2026
...


लाहौर (ईएमएस)। पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने के साथ ही एक नया रिकार्ड अपने नाम किया है। इस शतक के साथ ही आजम टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक नौ शतक लगाने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन गए है। आजम ने पीएसएल क्वालिफायर में पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते हुए इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ 59 गेंद में 12 चौक और चार छक्के लगार 103 रन बनाये। इस शतक के साथ ही आजम ने डु प्लेसिस को पीछे छोड़ दिया। डु प्लेसिस के नाम टी20 कप्तान के तौर पर आठ शतक हैं। डु प्लेसिस ने अपने शतक 216 मैचों में बनाये थे जबकि बाबर ने केवल 154 मैचों में ही इस रिकार्ड को तोड़ दिया। आजम ने इस प्रकार दस मैचों में 84 की औसत और 146.26 के स्ट्राइक रेट से 588 रन बनाकर साबित किया है कि अभी उनकी बल्लेबाजी की चमक गयी नहीं हैं। इससे उनकी पाक टीम में वापसी की उम्मीदें बन रही हैं। पीएसएल में इस सत्र में ही बाबर ने अब तक चार शतक लगाये हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2022 और 2023 में एक-एक शतक लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने लीग इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उस्मान खान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उस्मान ने 35 मैचों में ये रन बनाये पर बाबर को इसके लिए 110 मैच खेलने पड़े। बाबर ने अपने प्रदर्शन पर उत्साहित होते हुए कहा, “मुझे लगने लगा है कि मैं फिर से अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट रहा हूं। मेरा लक्ष्य अपने कौशल पर भरोसा करने के साथ ही हालातों को सामान्य रखना है। अब मेरे लिए पहले की तरह के हालात बन रहे हैं। जिससे में अपनी निरंतरता पा रहा हूं।” गिरजा/ईएमएस 29 अप्रैल 2026