क्षेत्रीय
29-Apr-2026


जशपुर(ईएमएस)। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और मांगें सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व प्रकरण, स्वच्छता व्यवस्था, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। अपर कलेक्टर ने यह भी कहा कि हर आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदक को समय पर देना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदकों को उनके प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत हो सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अप्रैल 2026