क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस) । जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेहूंखेड़ी गांव के पठार पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोज मीना के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार मनोज मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। बुधवार सुबह मृतक का पुत्र गिर्राज, जिसकी पठार पर दुकान है, जब दुकान के पीछे बने कमरे में पहुंचा तो वहां पिता का शव पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि मनोज की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। उनका कहना है कि उक्त स्थान पर अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।-सीताराम नाटानी