जशपुर(ईएमएस)। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लूटपाट और हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डुगडुगिया क्षेत्र का आदतन बदमाश रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह वारदात 7 अप्रैल की रात खारीझरिया गांव में हुई थी। पीड़ित 60 वर्षीय किया राम यादव ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे घर के भीतर से बहू की चीख सुनकर वे दौड़े तो एक युवक कमरे से भागते दिखा, जबकि बाहर दो अन्य साथी बाइक के साथ मौजूद थे। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक, लक्की सिंह जबरन घर में घुसा, अलमारी खंगालने लगा और विरोध करने पर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर 2 लाख 10 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और चांदी की पायल लूटकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर साइबर यूनिट की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार 18 दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने लक्की को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 18 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और उसके खिलाफ पहले भी जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है। वह पूर्व में कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से लोरो घाटी से फरार भी हो चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अप्रैल 2026