क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


सरगुजा(ईएमएस)। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप का बेहद जघन्य मामला सामने आया है। 24 अप्रैल की रात चार नाबालिग सहेलियां शादी समारोह से घर लौट रही थीं, तभी 5-6 बाइकों पर सवार करीब 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया। दो लड़कियां किसी तरह भाग निकलने में सफल रहीं, लेकिन दो नाबालिग लड़कियों को युवकों ने पकड़कर खेतों में ले जाकर गैंगरेप किया। दोनों पीड़िताओं की उम्र 15 वर्ष से कम बताई जा रही है। पीड़िताओं के अनुसार, एक नाबालिग को बाइक पर बिठाकर दूर खेत में ले जाकर चार युवकों ने दरिंदगी की, जबकि दूसरी नाबालिग के साथ हाईस्कूल मैदान के पास ही तीन युवकों ने गैंगरेप किया। एक 13 वर्षीय किशोरी बाइक से कूदकर खेतों के रास्ते भाग निकलने में सफल रही। युवकों ने उसका करीब 2 किलोमीटर तक पीछा भी किया। पीड़िताएं रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच घर पहुंचीं, लेकिन डर के कारण तुरंत घटना नहीं बताई। 25 अप्रैल की शाम एक पीड़िता ने परिजनों को बताया, जिसके बाद 26 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत मिलने के तुरंत बाद न तो FIR दर्ज की और न ही मेडिकल जांच (MLC) कराई। पीड़िताओं को अगले दिन आने को कहा गया। दूसरे दिन मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस ने एक नाबालिग की मां की शिकायत पर मात्र चार आरोपियों — प्रियांशु खलखो, आशीष, राहुल और एक अन्य युवक के खिलाफ धारा 70(2) BNS और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(जी), 6 के तहत FIR दर्ज की है। दूसरी पीड़िता के मामले में अभी तक अलग FIR दर्ज नहीं की गई है। जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने तत्काल न FIR दर्ज की और न ही मेडिकल जांच कराई। उन्होंने सीतापुर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ASP अमोलक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अप्रैल 2026