क्षेत्रीय
29-Apr-2026


जशपुर(ईएमएस)। जिले में “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान की शुरुआत होते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम एक्शन मोड में नजर आई। 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के पहले दिन पत्थलगांव ब्लॉक में सघन जांच अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं का निरीक्षण किया। बस स्टैंड स्थित श्री जय बालाजी फन एंड फूड रेस्टोरेंट में गंदगी और अनियमितता मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। यहां से खोवा और नमकीन के नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसी तरह न्यू श्री जय बालाजी रेस्टोरेंट में भी साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर नोटिस जारी कर लस्सी और काजू के सैंपल लिए गए। निरीक्षण के दौरान केक टाउन बेकरी में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सामग्री पाई गई। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो कच्चा माल, रंग और जेली मौके पर ही नष्ट करा दिया। बेकरी संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त टीम ने गुपचुप, चाट, नूडल्स, नाश्ता, गन्ना रस और फल विक्रेताओं की भी जांच की। वहीं औषधि प्रकोष्ठ ने चार कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया, जिसमें एक उत्पाद का सैंपल परीक्षण के लिए भेजा गया। कुछ दुकानों में एक्सपायर्ड कॉस्मेटिक उत्पाद मिलने पर उन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अप्रैल 2026