* शॉर्टकट लेने की कोशिश पड़ी भारी, अरावली जिले के सरडोई गांव के थे सभी मृतक; 6 अन्य गंभीर घायल साबरकांठा (ईएमएस)| उत्तर गुजरात के साबरकांठा जिला में हिम्मतनगर के जावनगढ़ पाटिया के निकट मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार मिनी बस ने पीछे से एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी मृतक सरडोई गांव के निवासी थे। वे कार से हुंज जा रहे थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा शॉर्टकट रास्ता लेने की कोशिश में हुआ। कार चालक ने हुंज जाने के लिए जावनगढ़ गांव के रास्ते जाने हेतु नेशनल हाईवे पर बने खतरनाक और अवैध कट से कार मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही मिनी बस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांभोई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए हिम्मतनगर सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। सतीश/29 अप्रैल