खेल
29-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय गोल्फ जगत से दुखद खबर सामने आई है। पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन विजय कुमार का 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से भारतीय खेल जगत में शोक की लहर है। प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने बुधवार को उनके निधन की पुष्टि करते हुए उन्हें भारतीय गोल्फ का महान खिलाड़ी बताया। पीजीटीआई ने अपने बयान में कहा कि विजय कुमार भारतीय गोल्फ के सच्चे दिग्गज थे। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि वर्ष 2002 में दिल्ली गोल्फ क्लब में इंडियन ओपन खिताब जीतना रही। उन्होंने वर्ष 1999 में स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में आयोजित अल्फ्रेड डनहिल कप में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था। 29 दिसंबर 1968 को लखनऊ में जन्मे विजय कुमार ने 1988 में पेशेवर गोल्फ करियर की शुरुआत की थी। 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में वे भारतीय गोल्फ के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने भारतीय प्रोफेशनल सर्किट में चार बार ऑर्डर ऑफ मेरिट का खिताब जीता। यह उपलब्धि उन्होंने 1995-96, 1997-98, 1998-99 और 1999-2000 सीजन में हासिल की। पीजीटीआई ने कहा कि विजय कुमार अपनी प्रतिभा, मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति जुनून के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। मैदान के बाहर भी वे मुस्कुराते चेहरे, सकारात्मक सोच, खुशमिजाज स्वभाव और खेल भावना के लिए लोकप्रिय थे। उनके निधन से भारतीय गोल्फ ने एक स्वर्णिम अध्याय खो दिया है। सुबोध/२९ -०४-२०२६