:: स्टार खिलाड़ी कादरी अरुणा ने निर्णायक मैच जीतकर नाइजीरिया को हार से बचाया, दक्षिण अफ्रीका से हारी बेल्जियम की टीम :: लंदन (ईएमएस)। लंदन के कॉपर बॉक्स एरिना में बुधवार को आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप के ग्रुप 15 के मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर होते-होते बचा। नाइजीरिया की पुरुष टीम ने सऊदी अरब के खिलाफ 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज कर खुद को राउंड ऑफ 32 की दौड़ में बनाए रखा है। ग्रुप में शीर्ष स्थान के लिए हांगकांग और चीन से मिल रही कड़ी चुनौती के बीच नाइजीरिया के लिए यह जीत संजीवनी की तरह रही। मुकाबले की शुरुआत में सऊदी अरब ने नाइजीरियाई खेमे में खलबली मचा दी। मैच के दूसरे मुकाबले में अब्दुलअज़ीज़ बू शुलायबी ने नाइजीरिया के उभरते सितारे मैथ्यू कुटी को सीधे गेमों में 11-1, 11-5, 11-8 से हराकर तहलका मचा दिया। इसके बाद अली अलखद्रावी ने कुटी को उनकी दूसरी शिकस्त (5-11, 12-10, 11-7, 8-11, 11-4) देकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें मैच तक खींच दिया। अंतिम मुकाबले में नाइजीरियाई सुपरस्टार कादरी अरुणा पर भारी दबाव था, लेकिन उन्होंने अपना अनुभव दिखाते हुए अब्दुलअज़ीज़ को 11-2, 8-11, 11-5, 8-11, 11-6 से हराकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी। महिला वर्ग के ग्रुप 3 में भी बेल्जियम और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। बेल्जियम ने एक संतुलित टीम प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका को पराजित किया। जूली वान हौवर्ट और मार्गो डिग्रेफ ने बेल्जियम को दो बार बढ़त दिलाई, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने हर बार पलटवार कर स्कोर बराबर कर दिया। अंत में 18 वर्षीय लिलौ मासार्ट ने, जो मैच की शुरुआत में रोचिका सोंडे से हार गई थीं, निर्णायक भूमिका निभाई। मासार्ट ने दानिशा पटेल को 11-2, 11-7, 12-10 से शिकस्त देकर बेल्जियम की शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। प्रकाश/29 अप्रैल 2026