:: यशस्विनी घोरपड़े ने निर्णायक मैच जीतकर भारत को 3-2 से दिलाई जीत, कल रवांडा से होगी भिड़ंत :: लंदन (ईएमएस)। लंदन के कॉपर बॉक्स एरिना में आयोजित आईटीटीएफ-वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल्स के ग्रुप 6 के एक बेहद कड़े मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने यूक्रेन के खिलाफ 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने न केवल ग्रुप में अपनी बादशाहत कायम रखी है, बल्कि मुख्य ड्रॉ के लिए अपनी क्वालिफिकेशन की राह भी लगभग साफ कर ली है। मुकाबले की शुरुआत स्टार खिलाड़ी मणिका बत्रा और अनुभवी टेट्याना बिलेनको के बीच हुई, जहाँ मणिका ने दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और 11-9, 7-11, 11-6, 11-5 के स्कोर से मैच जीतकर भारत को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे मैच में यूक्रेन की मार्गरीटा पेसोट्स्का ने यशस्विनी घोरपड़े को पांच गेमों के संघर्षपूर्ण मुकाबले (7-11, 8-11, 11-1, 11-9, 9-11) में हराकर स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया। दबाव के बीच युवा खिलाड़ी दीया चितले ने जबरदस्त खेल दिखाया और वेरोनिका माटियुनिना को सीधे गेमों में 11-6, 11-8, 11-6 से धूल चटाकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि, चौथे मैच में मार्गरीटा पेसोट्स्का ने फिर से कमाल किया और मणिका बत्रा को 9-11, 11-5, 8-11, 6-11 से हराकर मुकाबले को एक बार फिर 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया, जिससे सारा दारोमदार अंतिम और निर्णायक मैच पर आ गया। निर्णायक क्षणों में यशस्विनी घोरपड़े ने अद्भुत संयम और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने टेट्याना बिलेनको के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए 11-7, 11-9, 9-11, 11-7 से जीत दर्ज कर भारत की झोली में निर्णायक जीत डाल दी। अब भारतीय महिला टीम कल अपने अंतिम ग्रुप मैच में रवांडा से भिड़ेगी, जबकि पुरुष टीम आज रात स्लोवाकिया के खिलाफ अपना महत्वपूर्ण मुकाबला खेलेगी। प्रकाश/29 अप्रैल 2026