क्षेत्रीय
01-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तरी दिल्ली का बुराड़ी इलाका इन दिनों अवैध शराब कारोबार का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। करीब दस लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र में एक भी अधिकृत शराब ठेका न होने के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। हालत यह है कि यहां की कई गलियों और कॉलोनियों में घरों से खुलेआम हरियाणा से लाई गई शराब बेची जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बुराड़ी के पांच वार्डों में दर्जनों से अधिक ऐसे घर चिन्हित किए गए हैं, जहां से नियमित रूप से अवैध शराब की बिक्री हो रही है। संत नगर, झड़ौदा, जगतपुर, मिलन विहार और यमुना पुश्ता समेत कई कालोनियां इस गैरकानूनी गतिविधि की चपेट में हैं। यहां महिलाएं और पुरुष दोनों ही इस कारोबार में शामिल बताए जाते हैं, जिससे यह नेटवर्क और मजबूत होता जा रहा है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि यह पूरा कारोबार पुलिस प्रशासन की जानकारी के बिना संभव नहीं माना जा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीट पुलिस को इन गतिविधियों की पूरी जानकारी है, लेकिन कथित सांठगांठ के चलते कार्रवाई नहीं की जाती। इससे अवैध शराब माफियाओं के हौसले और बढ़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब मुख्य रूप से हरियाणा से कम कीमत पर लाई जाती है। रात के समय भारी मालवाहक वाहनों के जरिए इसे गुप्त रूप से इलाके में उतारा जाता है और फिर छोटे-छोटे नेटवर्क के माध्यम से घरों तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद इन्हीं घरों से 24 घंटे शराब की बिक्री जारी रहती है। - ईएमएस/01/ मई/2026