होर्सेंस (ईएमएस)। भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल लक्ष्य सेन ने चीनी ताइपे के चोउ टिएन चेन को 18-21, 22-20, 21-17 से हराकर भारत को थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल्स के क्वार्टरफाइनल में 1-0 से बढ़त दिलायी। लक्ष्य ने दो मैच अंक बचाकर विश्व के छठे नंबर के खिलाड़ी टिएन चेन को पराजित किया। लक्ष्य ने मैच में शुरुआत में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए ये जीत हासिल की। लक्ष्य ने एक घंटे और 28 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 22-20, 21-17 से जीत हासिल की। इस मुकाबले से पहले दोनों ही खिलाड़ियों के बीच मुकाबले का रिकॉर्ड 4-4 से बराबरी पर था। इस मुकाबले में लंबी रैलियों के अलावा जबरदस्त स्ट्रोकप्ले देखने को मिला। चोउ ने पहले गेम में 10-15 से पिछड़ने के बाद जीत हासिल की पर लक्ष्य ने दूसरे मुकाबमे को अपने नाम कर लिया। भारतीय खिलाड़ी ने 13-17 से पीछे रहने के बाद वापसी करते हुए चार अंक जीतकर स्कोर बराबरी पर ला दिया। चोउ को दो मैच अंक मिले पर लक्ष्य ने शांत रहकर खेलते हुए दो अंक बचाकर मैच को निर्णायक मुकाबले तक पहुंचा दिया। तीसरे गेम में चोउ लय में नहीं दिखे जिसका लाभ उठाते हुए लक्ष्य ने ब्रेक के दौरान 11-7 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भी उन्होंने मैच अपने कब्जे में कर लिया। ईएमएस 01मई 2026