खेल
01-May-2026


:: 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप : सांसे रोक देने वाले फाइनल में मेजबान टीम को 3-2 से दी शिकस्त :: पुणे (ईएमएस)। बालेवाड़ी इंडोर स्टेडियम में खेले गए 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के 40+ महिला वर्ग के फाइनल में तेलंगाना ने अपनी जुझारू खेल भावना का परिचय देते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। उतार-चढ़ाव से भरे इस रोमांचक मुकाबले में तेलंगाना ने खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही मेजबान महाराष्ट्र की टीम को 3-2 से पराजित किया। तेलंगाना की इस ऐतिहासिक जीत की मुख्य सूत्रधार बंडारू किरणमई रहीं, जिन्होंने दबाव के क्षणों में बेमिसाल धैर्य और कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। मैच की शुरुआत तेलंगाना के लिए बेहद उत्साहजनक रही और टीम ने शुरुआती मुकाबले जीतकर 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी। सोनाली असरानी ने पहले ही मैच में महाराष्ट्र की स्नेहिल भोले को सीधे गेमों में हराकर अपनी टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाई, जिसे किरणमई ने मयूरी दीक्षित के विरुद्ध पांच गेमों के संघर्ष में जीत दर्ज कर दोगुना कर दिया। हालांकि, घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच महाराष्ट्र ने जोरदार वापसी की और अगले दो मैच जीतकर मुकाबले को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया, जिससे फाइनल बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुँच गया। :: दबाव के क्षणों में निखरा किरणमई का जुझारूपन :: फाइनल का रोमांच जब अपने चरम पर था और स्कोर बराबरी पर आ चुका था, तब बंडारू किरणमई ने एक बार फिर मोर्चा संभाला। स्नेहिल भोले के विरुद्ध इस निर्णायक मुकाबले में वे एक समय पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और गजब की एकाग्रता दिखाते हुए मैच का पासा पलट दिया। चौथे गेम में वापसी करने के बाद पांचवें और अंतिम गेम में तो उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी को टिकने का कोई मौका ही नहीं दिया। शुरुआती बढ़त के साथ ही उन्होंने अपनी आक्रामक रणनीति से महाराष्ट्र के खेमे में निराशा भर दी और अंततः एकतरफा स्कोर के साथ गेम जीतकर तेलंगाना की झोली में जीत डाल दी। किरणमई की इस जीत ने न केवल उनकी खेल क्षमता बल्कि उनकी मानसिक मजबूती को भी साबित कर दिया। प्रतियोगिता के अन्य आयु वर्गों में मेजबान महाराष्ट्र और गुजरात का वर्चस्व देखने को मिला, वहीं मध्य प्रदेश ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। राउंड-रॉबिन प्रारूप के आधार पर 45+ और 55+ वर्ग में महाराष्ट्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विशेष रूप से 50+ आयु वर्ग में कड़े संघर्ष के बीच गुजरात की टीम विजेता रही और कर्नाटक के बाद मध्य प्रदेश ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम स्पर्धाओं के समापन के साथ ही अब महिला वर्ग में एकल और युगल मुकाबले शुरू हो गए हैं, जबकि पुरुषों के फाइनल मुकाबले गुरुवार को आयोजित होंगे। उमेश/पीएम/01 मई 2026