क्षेत्रीय
02-May-2026
...


बालोद (ईएमएस)। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 10वीं कक्षा में लगातार दो साल असफल होने से मानसिक रूप से परेशान एक नाबालिग छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजवीर पिछले दो वर्षों से 10वीं बोर्ड परीक्षा में असफल हो रहा था। पहले वर्ष वह छह विषयों में फेल हुआ था, जबकि इस वर्ष भी पांच विषयों में असफल रहने के बाद वह गहरे तनाव में था। परिजनों के अनुसार, परीक्षा में बार-बार असफलता के कारण वह मानसिक दबाव में था और इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर परीक्षा के दबाव और किशोरों में बढ़ते मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञ लगातार यह कहते रहे हैं कि असफलता जीवन का अंत नहीं होती, बल्कि उसे सुधार और सीख का अवसर माना जाना चाहिए। ऐसे मामलों में समय पर परामर्श और पारिवारिक सहयोग बेहद जरूरी होता है। - (ईएमएस) 02 मई 2026