राज्य
02-May-2026


नोएडा (ईएमएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून 2026 से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू करेगा, जिसकी पहली उड़ान इंडिगो संचालित करेगी। इस नए एयरपोर्ट से एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। दिल्ली- एनसीआर और उत्तर भारत के लिए हवाई कनेक्टिविटी का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि 15 जून 2026 से यहां से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इस एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट का संचालन इंडिगो द्वारा किया जाएगा। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को हाल ही में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) से एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) की मंजूरी मिल चुकी है। यह मंजूरी इस बात की पुष्टि करती है कि एयरपोर्ट के सभी सुरक्षा मानक और परिचालन प्रक्रियाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप हैं। क्षमता की बात करें तो शुरुआती चरण में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से विस्तार कर 7 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। खास बात यह है कि यह एयरपोर्ट सस्टेनेबल डिजाइन के साथ विकसित किया गया है और नेट जीरो एमिशन के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/02/ मई/2026