राज्य
02-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में 50 लाख की लूट में पुलिसकर्मी शामिल निकला। जांच में खुलासा होने पर आरोपी कांस्टेबल को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। अन्य साथियों की तलाश जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं। वजह ये है कि इस लूटकांड में कोई आम बदमाश नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस का ही एक कांस्टेबल शामिल निकला। इससे न सिर्फ पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। बल्कि आम लोगों का भरोसा भी हिला है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक मामला 31 मार्च का है जब नॉर्थ दिल्ली के आजाद मार्केट अंडरपास के पास चार बदमाशों ने एक ऑटो को रोककर उसमें बैठे शख्स से करीब 50 लाख रुपये कैश लूट लिया। वारदात का तरीका इतना फिल्मी था कि शुरुआत में पुलिस को लगा कि कोई बड़ा गैंग इसके पीछे है। तुरंत केस दर्ज हुआ और जांच शुरू कर दी गई। दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी मदद ली। जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती गईं, एक चौंकाने वाला सच सामने आया। इस पूरी वारदात की साजिश खुद पुलिस के एक जवान ने रची थी। आरोपी की पहचान समय सिंह के रूप में हुई, जो दिल्ली पुलिस की 5वीं बटालियन में तैनात था। जांच में पता चला कि समय सिंह ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग की और उसे अंजाम दिलवाया। घटना के बाद वह फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/02/ मई/2026