क्षेत्रीय
02-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और विरोध-प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गईं। शहर के कोटला चुंगी चौराहा पर एकत्रित महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं की मांग थी कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं और कई बार बिल जमा करने के बावजूद बिजली काट दी जाती है। आंदोलन की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची। SHO अंजीश कुमार सिंह, कोटला रोड चौकी इंचार्ज सहित भारी पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। स्थिति को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया। इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध तेज होता दिखा। चुल्हावली गांव की महिलाओं ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए “स्मार्ट मीटर की बारात” निकालकर मोहम्मदाबाद बिजलीघर पहुंचीं। यहां नाराज महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें उखाड़कर बिजलीघर परिसर में पटक दिया और विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि बढ़ते बिजली बिलों और बार-बार बिजली कटौती से उनका घरेलू बजट बिगड़ रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के बाद महिलाएं वापस लौट गईं, लेकिन उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। लगातार हो रहे इन विरोध प्रदर्शनों ने प्रशासन और विद्युत विभाग की चिंता बढ़ा दी है, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सतर्क किया गया है। - फिरोजाबाद