राज्य
02-May-2026


रांची(ईएमएस)।जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दामोदर वैली कारपोरेशन (डीवीसी) की बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) द्वारा दामोदर और कोनार नदी को प्रदूषित किये जाने पर रोष जताया है।श्री राय ने बताया कि पावर प्लांट से निकलने वाला राख, छाई और हानिकारक रसायनों से युक्त दूषित बहिस्राव सीधे नदियों के संगम स्थल पर गिर रहा है। श्री राय के अनुसार दामोदर बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह उन्हें साक्ष्य भेजे, जिसमें स्पष्ट दिख रहा है कि ऐश पॉन्ड की पाइपलाइन फटने के कारण प्रदूषित पानी नदियों में मिल रहा है। उन्होंने बोकारो के उपायुक्त को ये तस्वीरें भेजकर जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष के रूप में प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। विधायक ने आरोप लगाया कि बीटीपीएस प्रबंधन जानबूझकर नियमित अंतराल पर ऐसा करता है क्योंकि ऐश पॉन्ड की राख का सही निस्तारण नहीं हो पा रहा है।उन्होंने चिंता जतायी कि यदि अभी यह स्थिति है, तो बरसात में प्रदूषण का स्तर और भयावह होगा। उन्होंने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी अपनी वैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए इस पर लगाम लगाने की मांग की है। कर्मवीर सिंह/02मई/26