नई दिल्ली (ईएमएस)। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर अब नए प्रोडक्ट्स के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करने की बड़ी तैयारी में जुट गई है। आने वाले समय में कंपनी भारतीय बाजार में चार नई इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड एसयूवी लॉन्च करने की योजना बना रही है। इन अपकमिंग मॉडलों में एमजी आईएम6, एमजी स्टारलाइट 560, एमजी एस5 और एमजी स्टारलाइट 560 ईवी शामिल हैं। कंपनी का फोकस तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहन सेगमेंट में अपनी पकड़ को और मजबूत करना है। एमजी आईएम6 को प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी के तौर पर पेश किया जाएगा। इसकी सीधी टक्कर हुंडई आयोनिक 5, किआ ईवी6 जीटी, बीवाईडी सीलायन 7 और टेस्ला मॉडल वाई जैसी गाड़ियों से मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध इसके रियर व्हील ड्राइव मॉडल में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 408 बीएचपी की ताकत पैदा करती है। वहीं इसका ऑल व्हील ड्राइव वेरिएंट 778 बीएचपी तक की पावर और दमदार परफॉर्मेंस देने में सक्षम है। कंपनी की दूसरी महत्वपूर्ण पेशकश एमजी स्टारलाइट 560 होगी, जो भारत में कंपनी की पहली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी बन सकती है। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5 किलोवॉट आवर का बैटरी पैक दिया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मॉडल भारत में सात सीटर विकल्प के रूप में लॉन्च किया जा सकता है, जिससे यह फैमिली एसयूवी सेगमेंट में मजबूत दावेदारी पेश करेगी। वहीं एमजी एस5 इलेक्ट्रिक एसयूवी मौजूदा जेडएस ईवी की जगह ले सकती है। दूसरी ओर एमजी स्टारलाइट 560 ईवी को प्योर इलेक्ट्रिक मॉडल के रूप में पेश किया जाएगा। इसमें 56.7 किलोवॉट आवर बैटरी पैक मिलने की संभावना है, जो फुल चार्ज पर लगभग 500 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम होगी। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस ऐपल कारप्ले, एंड्रॉयड ऑटो और कई आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। सुदामा/ईएमएस 03 मई 2026