नई दिल्ली (ईएमएस)। वीवो स्मार्टफोन कंपनी एक नया और अनोखा फीचर “शेक एंड शेयर” लाने की तैयारी कर रही है। इस फीचर में आपको बस अपना फोन हल्का सा हिलाना होगा और फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट जैसी फाइलें ट्रांसफर होना शुरू हो जाएंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे आने वाले अपडेट्स में पेश किया जा सकता है, जो फाइल शेयरिंग के तरीके को पूरी तरह से बदल सकता है। वीवो का यह शेक एंड शेयर फीचर फोन के अंदर मौजूद मोशन सेंसर और वायरलेस टेक्नोलॉजी का स्मार्ट तरीके से उपयोग करेगा। जब आप अपने फोन को हिलाते हैं, तो यह मूवमेंट को पहचान कर आसपास के अन्य कम्पैटिबल वीवो डिवाइसों को खोजना शुरू कर देता है। जैसे ही कोई डिवाइस मिलता है, दोनों फोन के बीच एक सुरक्षित कनेक्शन बनता है और आपकी चुनी हुई फाइल तुरंत ट्रांसफर होने लगती है। इसमें वाई-फाई डायरेक्ट जैसी तेज टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा, जिससे फाइल ट्रांसफर की गति भी काफी अच्छी मिलेगी। यह बेहद आसान और तेज प्रक्रिया है, जिससे फाइल शेयरिंग कॉल करने या मैसेज भेजने जितनी ही सहज हो जाएगी। यह फीचर फिलहाल केवल वीवो एक्स300 अल्ट्रा और एक्स300 एफई के लिए ही उपलब्ध होगा, जिन्हें 6 मई, 2026 को भारत में लॉन्च किया जाएगा। यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए बहुत मददगार होगा जो रोजाना फाइलें साझा करते हैं, क्योंकि इसमें लंबा सेटअप या बार-बार डिवाइस कनेक्ट करने की आवश्यकता नहीं होगी। सुदामा/ईएमएस 03 मई 2026