नई दिल्ली (ईएमएस)। एथर एनर्जी अब कम कीमत वाले नए इलेक्ट्रिक स्कूटर लांच करने की तैयारी में जुट गई है। पिछले कुछ वर्षों में एथर कंपनी ने बिक्री के मामले में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। खासतौर पर रिज्टा स्कूटर लॉन्च होने के बाद एथर की बिक्री में बड़ी तेजी देखने को मिली है। अब कंपनी अपने नए ईएल प्लेटफॉर्म पर आधारित पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस नए स्कूटर को टेस्टिंग के दौरान देखा गया, जिसके बाद इसे लेकर बाजार में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि यह मॉडल कम कीमत वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकता है। एथर ने अपने ईएल प्लेटफॉर्म की पहली झलक कम्युनिटी डे 2025 के दौरान दिखाई थी। कंपनी ने इस प्लेटफॉर्म को मॉड्यूलर और अफॉर्डेबल तरीके से तैयार किया है, ताकि एक ही प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग बैटरी क्षमता और फीचर्स वाले कई मॉडल विकसित किए जा सकें। रिपोर्ट्स के अनुसार इस प्लेटफॉर्म पर आधारित स्कूटरों में 2 किलोवॉट आवर से लेकर 5 किलोवॉट आवर तक के बैटरी विकल्प मिल सकते हैं। इसके अलावा लागत कम रखने और बेहतर टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए कंपनी एलएफपी बैटरी तकनीक का इस्तेमाल भी कर सकती है। बताया जा रहा है कि शुरुआती मॉडल में बेसिक फीचर्स पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जबकि इसके महंगे वेरिएंट में टीएफटी डिस्प्ले, स्मार्ट कनेक्टिविटी, एडवांस राइडिंग मोड और अन्य आधुनिक फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। कंपनी अपनी बैटरी ऐज ए सर्विस यानी बीएएएस सुविधा भी जारी रख सकती है, जिससे ग्राहकों को कम शुरुआती कीमत पर स्कूटर खरीदने का विकल्प मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि लॉन्च के बाद यह स्कूटर एंट्री लेवल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में टीवीएस, बजाज और ओला इलेक्ट्रिक जैसी कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। सुदामा/ईएमएस 03 मई 2026