क्षेत्रीय
03-May-2026
...


- अब तक 1.64 लाख मीट्रिक टन से अधिक उपार्जन राजगढ़(ईएमएस)l जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में पंजीकृत किसानों से गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में कुल 108 खरीदी केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां किसानों से व्यवस्थित तरीके से उपार्जन किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के अनुसार जिले के 42,256 किसानों से अब तक 1,64,957 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। उपार्जित गेहूं का लगभग 94.37 प्रतिशत परिवहन किया जा चुका है, जबकि 97.19 प्रतिशत के लिए स्वीकृति पत्रक जारी किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन द्वारा असामयिक वर्षा की संभावना को देखते हुए खरीदी केंद्रों पर आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं। केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि खरीदे गए गेहूं को तिरपाल एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से सुरक्षित रखा जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी खरीदी केंद्र से गेहूं खराब होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। किसानों से अपील की गई है कि स्लॉट प्राप्त होने पर ही संबंधित समिति प्रबंधक से संपर्क कर अपनी बारी में उपज लेकर केंद्र पर पहुंचे, जिससे अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके और व्यवस्था सुगम बनी रहे। -निखिल/राजगढ़/3/5/2026