जयपुर (ईएमएस)। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने निर्देश दिए है कि अधिकारी बजट के प्रस्ताव भिजवाते समय ही प्रोजेक्ट की लागत का सही आंकलन करे ताकि प्रोजेक्ट में अनावश्यक देरी ना हो। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप बजट घोषणाओं को आमजन का लाभ मिल सके इसके लिए प्रोजेक्ट्स का समय पर पूरा होना जरूरी है। निर्माण भवन के सभागार में आयोजित पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने ये निर्देश दिए। उन्होंने कुछ प्रोजेक्ट्स के बार- बार अलाइनमेंट बदलने और लागत में वृद्धि पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए की अधिकारी प्राथमिक स्तर पर प्रस्ताव बनाते समय ही प्रोजेक्ट की संभावित लागत और अलाइनमेंट का बारीकी से आंकलन करके प्रस्ताव तैयार करें । उन्होंने बयाना बाईपास, बारां- अटरू आरओबी,जैतूपुरा- जयसिंहपुरा, भादरा बाईपास , नसीराबाद- सारवाड़- केकड़ी- देवली सडक़, मेज नदी पर हाई लेवल ब्रिज, सलूम्बर बाईपास सहित विभिन्न प्रोजेक्ट्स निर्माण में देरी के कारणों की समीक्षा कर इन्हें जल्द से जल्द चालू करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ तेजी से निर्माण कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने एनएच, एनएचएआई, सीआरआईएफ, आरएसआरडीसी सहित विभिन्न सडक़ एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा की । अशोक शर्मा/ 4:30 बजे/ 3 मई 2026