क्षेत्रीय
03-May-2026


दमोह, हटा, पथरिया एवं पटेरा की शाखाओं की सहभागिता से गरिमामय बना आयोजन दमोह (ईएमएस)। भारतीय जैन मिलन के 60वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा दमोह द्वारा स्थानीय सिंघई रेसीडेंसी में भव्य समारोह, सम्मान कार्यक्रम, प्रेरक कार्यशाला, प्रदर्शनी एवं विभिन्न शाखाओं के शपथग्रहण समारोह का अत्यंत गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दमोह, हटा, पथरिया एवं पटेरा की शाखाओं के पदाधिकारी, सदस्यगण, महिलाएं, युवा एवं समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भारतीय जैन मिलन देश का एक अग्रणी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा प्रधान संगठन है, जो समाज में एकता, सेवा, संस्कार, नेतृत्व निर्माण एवं राष्ट्रीय चेतना के उद्देश्य से निरंतर सक्रिय है। संगठन ने अपनी 60 वर्ष की गौरवशाली यात्रा में समाजहित के अनेक प्रेरणादायी कार्य कर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। समारोह स्थल पर विभिन्न शाखाओं द्वारा वर्षभर में आयोजित धार्मिक, सामाजिक, सेवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में शाखाओं द्वारा संचालित सेवा कार्यों, सम्मान समारोहों, संस्कार शिविरों, सामाजिक जागरण अभियानों एवं विविध आयोजनों के छायाचित्र प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने अत्यंत सराहा। प्रदर्शनी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। मुख्य अतिथि जयंत मलैया विधायक दमोह ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जैन मिलन समाज को संगठित करने वाला प्रेरक संगठन है। ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने, युवाओं को जोड़ने तथा सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। सुधीर सिंघई अध्यक्ष श्री दिगम्बर जैन पंचायत दमोह ने कहा कि किसी भी समाज की शक्ति उसकी सक्रिय शाखाओं, समर्पित कार्यकर्ताओं एवं संगठित सोच में निहित होती है। जैन मिलन समाज में समरसता और संगठन का उत्कृष्ट उदाहरण है। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेंद्र जैन ने कहा कि भारतीय जैन मिलन केवल संगठन नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभावना का सशक्त अभियान है। संगठन की प्रत्येक शाखा समाज जागरण का केंद्र है। कार्यशाला बनी आकर्षण का केंद्र स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यशाला ने सभी प्रतिभागियों को संगठन संचालन, नेतृत्व क्षमता एवं कार्यक्रम प्रबंधन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। कविता ऋषभ जैन क्षेत्रीय अध्यक्ष ने जैन मिलन की कार्यपद्धति विषय पर विस्तार से कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठकें, योजनाबद्ध कार्यक्रम, अनुशासन, टीम भावना और निरंतर सक्रियता आवश्यक है। प्रत्येक शाखा यदि मासिक लक्ष्य तय कर कार्य करे तो संगठन और अधिक प्रभावी बन सकता है। जिनेश जैन बहरोल क्षेत्रीय मंत्री ने बैठक कैसे ली जाए विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि बैठक समय पर प्रारंभ हो, एजेंडा स्पष्ट हो, सभी सदस्यों को विचार रखने का अवसर मिले तथा लिए गए निर्णयों की समीक्षा अगली बैठक में अवश्य हो। सफल बैठक संगठन की प्रगति का आधार होती है। दिलेश जैन चौधरी क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने एक सफल कार्यक्रम का आयोजन कैसे करें विषय पर कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता के लिए पूर्व योजना, जिम्मेदारी वितरण, समय प्रबंधन, मंच व्यवस्था, अतिथि समन्वय, प्रचार-प्रसार एवं अनुशासन आवश्यक है। छोटी-छोटी व्यवस्थाएं ही बड़े आयोजन को सफल बनाती हैं। इंजी आर.के. जैन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष एवं मंत्री के दायित्व विषय पर कहा कि अध्यक्ष संगठन का मार्गदर्शक होता है जबकि मंत्री कार्यों का संचालक होता है। दोनों पदों में समन्वय, पारदर्शिता, सक्रियता एवं नेतृत्व क्षमता आवश्यक है। कमलेंद्र जैन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने भारतीय जैन मिलन की राष्ट्रीय सोच एवं भावी दिशा विषय पर कहा कि यह बर्ष जैन राजाओं को समर्पित किया गया है उनके प्रचार और उनसे जुड़े साहित्य को जन जन तक पहुंचाना यह लक्ष्य है संगठन को युवाओं, महिलाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरण के कार्यों को और गति देना चाहिए। कार्यक्रम में जैन पत्रकारों, चिकित्सकों, गौसेवकों, महिला संस्थापक वीरांगनाओं एवं वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न शाखाओं के शपथग्रहण समारोह भी सम्पन्न हुए। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रश्मि आनंद जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन सबन जैन सिल्वर ने व्यक्त किया। आयोजन में विशेष आमंत्रित सदस्य सुधीर जैन डब्लू, कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन शक्कर, क्षेत्रीय क्वाडीनेटल रिषभ जैन, राष्ट्रीय पदाधिकारियों में आनंद जैन, राकेश हरदुआ, मुकेश जैन ग्रेन नेम कुमार सराफ,यू सी जैन, वंदना सराफ क्षेत्रीय संयोजिका बर्षा जैन, संतोष जैन,शोभा जैन नीता फट्टा पथरिया शोभना जैन हटा, नरेंद्र बजाज पटेरा मुकेश जैन मम्मा, अरुण जैन कोर्ट अर्चना जैन, सुप्रिया जैन आदि का विशेष आतिथ्य प्राप्त हुआ जबलपुर क्रूज हादसे में मृतकों को एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को श्रद्धांजलि दी गई सम्पूर्ण समारोह संगठन शक्ति, नेतृत्व प्रशिक्षण, सामाजिक समरसता, सक्रियता एवं प्रेरक ऊर्जा का अद्भुत उदाहरण बनकर उपस्थितजनों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। ईएमएस / 03 मई 2026