जिले में नीट परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण सम्पन्न, नर्मदापुरम में 96.9 प्रतिशत परीक्षार्थी रहे उपस्थित नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिला नर्मदापुरम में आज आयोजित नीट परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिले में कुल 1177 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1141 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 36 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 96.9 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा केंद्रवार जानकारी के अनुसार शासकीय नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम में 528 में से 513 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जहां उपस्थिति प्रतिशत 97.16 रहा। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (आईटीआई) नर्मदापुरम में 361 में से 345 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जहां उपस्थिति 95.6 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एसपीएम नर्मदापुरम में 288 में से 283 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जहां सर्वाधिक 98.3 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा, जांच, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हो सकी। फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा परीक्षा केंद्रों का किया गया निरंतर निरीक्षण नीट परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड के दल द्वारा भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, एसडीओपी जितेंद्र पाठक एवं तहसीलदार नर्मदापुरम श्रीमती सरिता मालवीय एवं दल द्वारा शासकीय नर्मदा महाविद्यालय का भ्रमण कर परीक्षा केंद्र की जांच की गई। इसी प्रकार संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, डीएसपी ट्रैफिक श्री संतोष मिश्रा एवं साथी दल द्वारा परीक्षा केंद्र शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की जांच कर परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया गया। इसी प्रकार अन्य अधिकारियों द्वारा भी परीक्षा केंद्रों की जांच की गई। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 03 मई 2026