तौल और परिवहन में तेजी लाने के दिए निर्देश नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीता कोरी तथा जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा बनखेड़ी क्षेत्र के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इशरपुर समिति, चांदोन समिति, मंडी बनखेड़ी, पलिया पिपरिया समिति, सायलो केंद्र जुनहेता, दहलवाड़ा समिति एवं मंडी पिपरिया द्वारा संचालित उपार्जन केंद्रों का जायजा लिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि किसी भी केंद्र पर बारिश के कारण गेहूं गीला नहीं हुआ है तथा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों द्वारा मौके पर परिवहनकर्ताओं को गेहूं के त्वरित उठाव हेतु ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही भारतीय खाद्य निगम (FCI) के साथ रैक अथवा अन्य माध्यमों से शीघ्र परिवहन सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। समिति प्रबंधकों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि किसानों का गेहूं निर्धारित स्लॉट के अनुसार तत्काल तौल कराया जाए। साथ ही हम्मालों की संख्या बढ़ाकर तौल एवं परिवहन कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 03 मई 2026