व्यापार
04-May-2026


- नई कॉर्पोरेट पहचान, क्राफ्टिंग टुमॉरो उद्देश्य और ईएसजी प्रतिबद्धताओं पर ज़ोर मुंबई (ईएमएस)। भारत के पुराने व्यापारिक घरानों में से एक, गोदरेज इंडस्ट्रीज़ ग्रुप (जीआईजी) ने 2031 तक 5,00,000 करोड़ रुपये से अधिक मार्केट कैप हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। मुंबई में, समूह ने अपनी भविष्य की रणनीतियों और नई कॉर्पोरेट पहचान का अनावरण किया। ग्रुप अगले सात वर्षों में 15 फीसदी से अधिक वार्षिक बिक्री वृद्धि और 20 फीसदी से अधिक प्रति शेयर आय वृद्धि का लक्ष्य रखता है। इसके लिए सूचीबद्ध कंपनियों की संख्या तीन से बढ़ाकर पाँच की जाएगी, साथ ही प्रत्येक कंपनी का लक्ष्य इक्विटी पर 18 फीसदी से अधिक रिटर्न देना होगा। रणनीतिक बदलाव के तहत जीआईजी ने निवेशकों हेतु नई कॉर्पोरेट जीआई पहचान पेश की है, जो गोदरेज के उपभोक्ता लोगो की जगह नहीं लेगी। क्राफ्टिंग टुमॉरो सिंस 1897 के नए उद्देश्य के साथ, समूह द गोदरेज वे के मूल्यों – प्रदर्शन, लोग और ग्रह (पर्यावरण) पर ज़ोर देता है। गोदरेज इंडस्ट्रीज़ ने 2035 तक नेट-ज़ीरो परिचालन और 2047 तक ग्रह-हितैषी आपूर्ति श्रृंखला का लक्ष्य रखा है। अगले पांच वर्षों में, समूह में महिलाओं, एलजीबीटीक्यू प्लस और दिव्यांगजनों का 40 फीसदी प्रतिनिधित्व हासिल करने की भी योजना है, जो समावेशी कार्य संस्कृति के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सतीश मोरे/04मई ---