क्षेत्रीय
04-May-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा गांव में पारिवारिक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रात पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिंदा साहू ने मुकेश साहू के पुत्र ताम्रध्वज साहू पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने बांस के डंडे से उसके सिर पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं। शुरुआत में सामाजिक दबाव के कारण मामला दर्ज नहीं कराया गया, लेकिन बाद में हालत बिगड़ने पर पीड़ित को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर चोटों के चलते उसके दो ऑपरेशन करने पड़े और वह पैरालिसिस का शिकार हो गया। घटना के बाद आरोपी पति-पत्नी फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू (51) और उनकी पत्नी बिंदा बाई साहू (48), निवासी डीहीपारा सेमरा, को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 मई 2026