धमतरी(ईएमएस)। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर नाराजगी सामने आई है। पुराना नेशनल हाइवे-30 के किनारे स्थित पीडी नाले की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है, जहां जगह-जगह मलबा जमा होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जबकि सफाई विभाग में 250 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके बावजूद शहर की नालियों और सार्वजनिक क्षेत्रों में गंदगी बनी हुई है। मुख्य मार्गों के अलावा स्लम बस्तियों में स्थिति और भी खराब बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और निगरानी की कमी के कारण नालियों में कचरा जमा हो रहा है, जिससे बारिश के समय जलभराव की आशंका भी बढ़ जाती है। नागरिकों का यह भी आरोप है कि नगर निगम दुकानदारों और आम जनता से सफाई टैक्स वसूलता है, लेकिन इसके अनुपात में सफाई व्यवस्था सुधारने के प्रयास नजर नहीं आते। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से नालों की तत्काल सफाई, नियमित मॉनिटरिंग और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की है। फिलहाल शहर में गंदगी और लचर सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 मई 2026