गुना (ईएमएस) । शहर के वार्ड क्रमांक 11 में जनगणना सर्वे के दौरान एक महिला कर्मचारी और एक परिवार की महिलाओं के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का सीसीटीव्ही फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी के बाद हाथापाई होती नजर आ रही है। खास बात यह रही कि झगड़े के दौरान एक महिला अपनी गोद में बच्चे को लिए हुए थी, जो इस पूरे घटनाक्रम में बाल-बाल बच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनगणना कार्य में लगी महिला कर्मचारी रीना चिड़ार सर्वे के सिलसिले में कमलेश चिड़ार के घर पहुंची थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही उग्र हो गया। सीसीटीव्ही फुटेज में देखा जा सकता है कि घर की एक महिला, जिसकी गोद में बच्चा था, और कर्मचारी आपस में भिड़ गईं। धक्का-मुक्की के दौरान दोनों संतुलन खो बैठीं और घर के गेट से बाहर सडक़ पर जा गिरीं। इस दौरान गोद में मौजूद बच्चा भी जोखिम में आ गया, हालांकि गनीमत रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना यहीं नहीं रुकी, बल्कि इसके बाद परिवार की अन्य महिलाएं और लड़कियां भी मौके पर पहुंच गईं और महिला कर्मचारी के साथ मारपीट करती नजर आईं। फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट है कि विवाद एकतरफा नहीं था, बल्कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस मामले में महिला कर्मचारी रीना चिड़ार ने सिटी कोतवाली में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सर्वे के दौरान उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई, उनका रजिस्टर फाड़ दिया गया और जान से मारने की कोशिश की गई। फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई शिकायत सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इनका कहना है - महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है। दोनों का पुराना पारिवारिक विवाद भी है। सर्वे कार्य के दौरान दोनों में मुंहवाद के बाद इस तरह की स्थिति बनी है।-राजकुमार शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली -सीताराम नाटानी