कांकेर(ईएमएस)। शहर में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के भटकने का मामला सामने आया, जिसे समय रहते पुलिस और समाजसेवी की मदद से सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। पिछले कुछ दिनों से यह महिला शहर में अकेले घूमते हुए होटलों में भोजन मांगकर अपना गुजारा कर रही थी। लोगों से पूछताछ करने पर भी उसकी सही पहचान सामने नहीं आ पा रही थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एहसास हेल्पलाइन से जुड़ी समाजसेवी संस्था की स्वयंसेवी वर्षा पोया को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर वर्षा पोया मौके पर पहुंचीं और महिला की स्थिति देख उसे पहले भोजन कराया। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और महिला को सुरक्षित थाने पहुंचाया गया। थाने में पूछताछ के दौरान महिला की पहचान सोहद्रा विश्वकर्मा (पति सहदेव) निवासी भर्री टोला, चारामा के रूप में हुई। बताया गया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घर से भटककर कांकेर पहुंच गई थी। इसके बाद समाजसेवी और पुलिस ने मिलकर परिजनों का पता लगाया और सीमा पींदे को सूचना दी गई। संपर्क स्थापित होने पर महिला के भाई आत्माराम विश्वकर्मा, निवासी बैजनपुरी थाना कोरर, कांकेर पहुंचे और महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया गया। पुलिस और समाजसेवी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)04 मई 2026