क्षेत्रीय
04-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस बैठक में मनीष जैन को अध्यक्ष, कपिल अग्रवाल को उपाध्यक्ष, डॉ. सचिन यादव को सचिव, जयेश गुंबर को सह सचिव, अरविंद कुमार को कोषाध्यक्ष तथा श्रद्धा मिश्रा को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में संरक्षक सदस्यों सहित अन्य सदस्यों ने संगठन के विकास और विद्यार्थियों के हित में किए जाने वाले कार्यों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। संगठन पिछले कई वर्षों से विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके तहत समय-समय पर प्रेरणादायक संगोष्ठियों, परामर्श सत्रों तथा विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। संगठन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को सहायता प्रदान करने, बाहर से आने वाले छात्रों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें सही दिशा देने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। पूर्व में आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षाएं, रोजगार मेले और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से सराहना मिली है। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही बिलासपुर को एक प्रमुख शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। संगठन ने शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता, पारदर्शिता और एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया। - 04 मई 2026