क्षेत्रीय
04-May-2026
...


- पत्थरबाजी को हल्के में लिया, हो गया एसिड अटैक जबलपुर (ईएमएस)। घर पर पत्थरबाजी की शिकायत पर यदि मदन महल पुलिस नींद से जाग गई होती तो शिवांश पर फ्लाईओवर से एसिड अटैक नहीं होता| गत दिवस रात में मदनमहल थाने के समीप फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले शिवांश बान पर हुइ एसिड अटैक की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्लाईओवर से घर पर एसिड फेंककर युवक को निशाना बनाने की इस घटना ने न सिर्फ लोगों को दहला दिया है। एसिड अटैक में झुलसा शिवांश इस समय एमएच अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है, जबकि परिजन पुलिस की लापरवाही पर खुलकर आरोप लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर के नीचे बने मकान में रहने वाला शिवांश बान रात के समय अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान फ्लाईओवर से गुजर रहे अज्ञात हमलावरों ने अचानक घर को निशाना बनाते हुए एसिड फेंक दिया। तेजाब सीधे शिवांश पर आ गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और उसके घर में आग भी लग गई। जिसमें कपड़े और गृहस्थी का सामान जल गया| घटना के बाद उसकी चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में गौर करने वाला पहलू यह है कि पीड़ित परिवार ने पहले ही खतरे की आशंका जताई थी। शिवांश की मां मनोरमा बान के अनुसार, कुछ दिनों से अज्ञात लोग उनके घर पर लगातार पत्थरबाजी कर रहे थे। इसकी शिकायत मदन महल थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे मामूली घटना मानकर अनदेखा कर दिया। परिजनों का कहना है कि अगर उस समय सख्ती से कार्रवाई की जाती, तो आज यह भयावह घटना नहीं होती। परिजनों में भारी आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बहरहाल मदन महल पुलिस घटना की जांच कर रही है| पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी संभावित एंगल, जिसमें पुरानी रंजिश की आशंका भी शामिल है, पर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुनील साहू / शहबाज / 04 मई 2026/ 06.13