क्षेत्रीय
04-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)! नर्मदा नदी के तट पर बसे मंडला जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा एक अनूठा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। नर्मदा से लगातार हो रहे अवैध खनन के विरोध में कार्यकर्ताओं ने खनिज अधिकारी की “शव यात्रा” निकालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, जिले में बहने वाली पवित्र मां नर्मदा नदी, जो इस क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाती है, उसके तटों पर अवैध रेत उत्खनन और ओवरलोड परिवहन की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही हैं। नर्मदा नदी के किनारे बसे इस जिले में रेत खनन न केवल पर्यावरण के लिए खतरा बन रहा है, बल्कि शासन को राजस्व हानि और आम जनता के लिए दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहा है। इसी के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी मंडला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शहर में रैली निकालते हुए खनिज विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खनिज अधिकारी का प्रतीकात्मक पुतला बनाकर उसकी शव यात्रा निकाली, जिसे शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ले जाया गया। इस दौरान “अवैध उत्खनन बंद करो”, “नर्मदा बचाओ” जैसे नारे लगाए गए। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एड राकेश तिवारी का आरोप है कि जिले में रेत का उत्खनन नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है तथा डंपरों के माध्यम से ओवरलोड परिवहन खुलेआम जारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि रॉयल्टी में गड़बड़ी के कारण शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर कांग्रेस के अध्यक्ष एड रजनीश रंजन उसराठे ने चेतावनी दी कि यदि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नर्मदा तटों पर हो रहे अवैध खनन की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि मंडला जिला नर्मदा नदी के विस्तृत जलग्रहण क्षेत्र में स्थित है और यहां की पर्यावरणीय संतुलन में नदी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में लगातार हो रहा अवैध उत्खनन न केवल प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि क्षेत्र की पारिस्थितिकी के लिए भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडला के वरिष्ठ पदाधिकारी,युवा कांग्रेस,छात्र संगठन,मातृ शक्तियां, एवं पार्षदगण मीडिया प्रभारी विवेक दुबे सहित शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 04 मई 2026