- सरही गेट पर बैठक, अमाही मार्ग बंद, कुत्तों का टीकाकरण जारी मंडला (ईएमएस)! मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में अप्रैल माह के दौरान सरही जोन में हुई बाघों की मौत के बाद पार्क प्रबंधन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सरही गेट प्रांगण में सोमवार को एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें सहायक संचालक आशीष पांडे, सिझौरा परिक्षेत्र अधिकारी, सरही एवं सिझौरा बफर के वन अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत कटंगा के सरपंच, पंच, ईको विकास समिति सरही के सदस्य, अध्यक्ष, गार्ड, होटल संचालक, प्रबंधक, वाहन मालिक और वाहन चालक शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि वन क्षेत्रों में पालतू और आवारा कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे। इसका उद्देश्य वन्यजीवों में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम करना है। उपस्थित सभी लोगों ने वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे पालतू एवं आवारा कुत्तों के टीकाकरण अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि जंगल या आसपास किसी वन्यजीव में असामान्य व्यवहार या बीमारी के लक्षण दिखाई दें, तो इसकी तत्काल सूचना कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन को दी जाए। सभी उपस्थित लोगों ने बाघों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। आवारा कुत्तों की आवाजाही न बढ़े सहायक संचालक आशीष पांडे ने बताया कि होटल संचालकों को खाद्य अवशिष्टों का उचित निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवारा कुत्तों की आवाजाही न बढ़े। सतर्कता के तौर पर अमाही वनमार्ग को कुछ दिनों के लिए पर्यटन गतिविधियों हेतु बंद कर दिया गया है। हालांकि, सरही जोन से पर्यटन पूर्व की भांति जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक लगभग 60 कुत्तों का टीकाकरण किया जा चुका है और यह प्रक्रिया जारी है। ईएमएस/मोहने/ 04 मई 2026