- अवैध परिवहन रोकने रेण्डमली चैकपोस्ट बनाकर सर्चिग होगी-एसपी श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित माईनिंग जिला टॉस्क फोर्स की बैठक में निर्देश दिये कि खनिज के अवैध परिवहन पर कडी कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। राजस्थान से लगे क्षेत्रो में निगरानी रखी जायें और संभावित माईनिंग क्षेत्रों में निरंतर सर्चिग की जायें। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, डीएफओ सामान्य केएस रंधा, कूनो आर थिरूकुराल, एसडीएम गगन सिंह मीणा, जिला खनिज अधिकारी राजेश कुमार गंगेले आदि उपस्थित थे। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि रेत सहित अन्य खनिजों के अवैध परिवहन को रोकने के लिए पुलिस, माईनिंग, राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की जायें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ट्रेक्टरों पर रेडियम एवं वाहन नंबर लगाये जायें। उन्होंने निर्देश दिये कि अवैध परिवहन एवं भण्डारण के दौरान जब्त किये गये रेत और अन्य खनिज का विनिष्टिकरण सुनिश्चित किया जायें। इसी प्रकार वन क्षेत्र में भी वन विभाग द्वारा निगरानी सुनिश्चित की जायें। पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल ने कहा कि थाना प्रभारियों के साथ टीमें बनाई जायेंगी और अवैध परिवहन को रोकने के लिए रेंडमली चैकपोस्ट बनाकर सर्चिग की जायेगी। अवैध परिवहन के मार्गो पर संयुक्त दल द्वारा कडी निगरानी रखे जाने के निर्देश भी दिये गये।