मुरैना ( ईएमएस ) | चंबल संभाग के कमिश्नर सुरेश कुमार ने सोमवार को संभाग अंतर्गत भिंड एवं मुरैना जिलों के विभिन्न गेहूं उपार्जन (खरीदी) केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी केन्द्रों पर शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप खरीदी, तौल एवं अन्य प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों को खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर छाया, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। भिंड जिले के मेहगांव अनुभाग अंतर्गत सेवा सहकारी संस्था कचनाव कला द्वारा दोनियापुरा स्थित बहुउद्देश्यीय कृषि सेवा केन्द्र परिसर में संचालित गेहूं खरीदी केन्द्र, सेवा सहकारी संस्था दोनियापुरा द्वारा बांके बिहारी वेयरहाउस में संचालित केन्द्र तथा सहकारी समिति अकलोनी के खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने तौल एवं अन्य व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। केन्द्रों पर बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई तथा सर्वेयर द्वारा गुणवत्ता परीक्षण के उपरांत उचित गुणवत्ता का गेहूं उपार्जन किया जा रहा था। बरसात की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए केन्द्रों पर तिरपाल एवं कवर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। तौल कांटों की उपलब्धता भी पर्याप्त पाई गई। कमिश्नर ने निर्देशित किया कि स्लॉट बुकिंग से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। इसी क्रम में कमिश्नर ने मुरैना जिले की अंबाह तहसील अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति रिठौना द्वारा श्री रामकृष्ण वेयरहाउस में संचालित गेहूं खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।