नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। लेकिन इस बार सिर्फ चुनावी जीत ही चर्चा का केंद्र नहीं रही, बल्कि प्रधानमंत्री का पारंपरिक पहनावा भी राजनीतिक गलियारों में आकर्षण का विषय बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाली परंपरा के प्रतीक माने जाने वाले धोती-कुर्ते में पार्टी मुख्यालय पहुंचे। चेकदार कुर्ता और सफेद धोती में नजर आए प्रधानमंत्री ने मंच पर पहुंचते ही हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, वहां मौजूद हजारों समर्थकों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। पूरा परिसर जीत के उत्साह से सराबोर नजर आया। मंच पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत कई बड़े चेहरे कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी नेताओं ने पश्चिम बंगाल में मिली इस बड़ी सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह पारंपरिक बंगाली परिधान केवल सांस्कृतिक सम्मान नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और राजनीतिक संदेश भी था। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी नेतृत्व ने राज्य में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसका असर चुनाव परिणामों में स्पष्ट दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री ने स्वयं माला पहनने के बजाय पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन को अपने हाथों से माला पहनाकर जीत की बधाई दी। इस दृश्य ने कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया। सुबोध/०५-०५-२०२६