राष्ट्रीय
04-May-2026
...


:: जीत की खबर सुन भावुक हुए कैबिनेट मंत्री; बोले- बंगाल में कार्यकर्ताओं ने सहा है दमन, 370 के खात्मे जैसी महत्वपूर्ण है यह जीत :: इंदौर (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के रुझानों में भाजपा की निर्णायक बढ़त और जीत की संभावनाओं को देख मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सोमवार को अपने गृह नगर इंदौर में भावुक हो गए। मीडिया से चर्चा के दौरान उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जादू और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति का परिणाम बताया। विजयवर्गीय ने कहा कि यह जीत देश की जनता के लिए मोदी और शाह की ओर से एक बड़ा उपहार है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन में बंगाल देश विरोधी गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा था। भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी रह चुके विजयवर्गीय ने इस विजय की तुलना ऐतिहासिक निर्णयों से करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की जीत उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, सीएए लागू करना और देश से नक्सलवाद का खात्मा करना। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार के दौरान बंगाल आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन गया था और वहां से आतंकियों, अवैध हथियारों और नकली मुद्रा की घुसपैठ हो रही थी। :: कार्यकर्ताओं के संघर्ष को किया याद :: अपने छह साल के कार्यकाल को याद करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में भाजपा के लगभग 300 कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई और हजारों को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने खुद पर दर्ज हुए मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा, मुझ पर और आरएसएस प्रचारकों पर बलात्कार और मानव तस्करी जैसे झूठे और गंभीर आरोप लगाए गए ताकि हमें जेल भेजा जा सके। यह सब मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया गया। उन्होंने न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि निष्पक्ष न्याय के कारण ही वे आज सिर उठाकर जनता के सामने बैठे हैं। :: आंतरिक सुरक्षा के लिए जरूरी था बदलाव :: विजयवर्गीय ने कड़े शब्दों में कहा कि टीएमसी और उनके सहयोगियों ने अपनी सत्ता बचाने के लिए राष्ट्रविरोधी तत्वों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि ये आंसू डर के नहीं बल्कि उस न्याय के हैं जो बंगाल की जनता और हमारे शहीद कार्यकर्ताओं को मिला है। बंगाल अब देश विरोधी ताकतों का प्रवेश द्वार नहीं रहेगा। प्रकाश/04 मई 2026