राष्ट्रीय
04-May-2026


मुंबई (ईएमएस)। मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले जा रहे रोमांचक मुकाबले में लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में पांच विकेट खोकर 228 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली। लखनऊ की शुरुआत आक्रामक रही। मिचेल मार्श ने आते ही बड़े शॉट खेलते हुए पच्चीस गेंदों पर चवालीस रन बनाए। जोश इंगलिस ने सिर्फ पांच गेंदों में तेरह रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद निकोलस पूरन ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात कर दी। पूरन ने सिर्फ इक्कीस गेंदों में तिरसठ रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें आठ गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। कप्तान ऋषभ पंत ने पंद्रह रन बनाए, जबकि एडन मार्करम ने इकतीस और हिम्मत सिंह ने नाबाद चालीस रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। आखिरी ओवरों में लखनऊ के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए मुंबई के सामने कठिन लक्ष्य रख दिया। मुंबई की ओर से कॉर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो विकेट हासिल किए। रघु शर्मा, विल जैक्स और अल्लाह गजनफर को एक-एक सफलता मिली। सुबोध/०५-०५-२०२६