राष्ट्रीय
04-May-2026


भवानीपुर (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट से बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15114 मतों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि ममता बनर्जी के खिलाफ सुवेंदु अधिकारी की यह लगातार दूसरी जीत है, जिससे बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इससे पहले वर्ष दो हजार इक्कीस के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को मात दी थी। अब भवानीपुर में मिली इस जीत ने एक बार फिर राज्य की राजनीति को नई दिशा दे दी है। मतगणना के दौरान भी भवानीपुर सीट पर लगातार रोमांच बना रहा, लेकिन जैसे-जैसे अंतिम रुझान सामने आते गए, सुवेंदु अधिकारी निर्णायक बढ़त बनाते नजर आए। परिणाम लगभग स्पष्ट होते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल बन गया और समर्थकों ने जीत का उत्सव मनाना शुरू कर दिया। वहीं हार की आशंका के बीच ममता बनर्जी मतगणना केंद्र से परिणाम घोषित होने से पहले ही बाहर निकल गईं। बाहर आने के बाद उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतगणना केंद्र के भीतर उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और मारपीट जैसी स्थिति पैदा हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा मतगणना की मांग की है। ममता बनर्जी के इन आरोपों के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति और गरमा गई है तथा आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। सुबोध/०५-०५-२०२६