नई दिल्ली (ईएमएस)। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद देश की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन से दूरभाष पर बातचीत कर चुनाव परिणामों पर चर्चा की। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार राहुल गांधी ने दोनों नेताओं से चुनावी स्थिति, आगे की रणनीति और विपक्षी एकजुटता को लेकर विस्तार से चर्चा की। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावी नतीजों ने क्षेत्रीय दलों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं, ऐसे में यह बातचीत काफी अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने तमिलनाडु में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिनेता से नेता बने विजय को भी जीत की बधाई दी। इसके साथ ही विपक्षी दलों के बीच संवाद बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। दूसरी ओर केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे को बड़ी सफलता मिली है। करीब दस वर्षों बाद राज्य में कांग्रेस की सत्ता में वापसी तय मानी जा रही है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संसद और राष्ट्रीय राजनीति में विपक्षी दलों की भूमिका मजबूत बनाए रखने के लिए यह संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों में विपक्षी दलों के बीच बैठकों और नई रणनीतियों का दौर तेज हो सकता है। सुबोध/०५-०५-२०२६