:: स्टेट प्रेस क्लब के कार्यक्रम में बोले वरिष्ठ पत्रकार; पत्रकारों को चाटुकारिता और सत्ता की गुलामी से बचने की दी सलाह :: इंदौर (ईएमएस)। यदि आप व्यवसाय करना चाहते हैं तो सीधे वही कर लीजिए, कोई पार्टी पसंद है तो उसे जॉइन कर लीजिए, लेकिन पत्रकारिता की आड़ में किसी दल का प्रचार मत कीजिए। ऐसा करके आप उन पत्रकारों के सामने संकट खड़ा कर देते हैं जो आज भी ईमानदारी से शुद्ध पत्रकारिता कर रहे हैं। यह तीखी और बेबाक बात राष्ट्रवाणी चैनल के संपादक एवं एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट अमिताभ अग्निहोत्री ने कही। वे स्टेट प्रेस क्लब, मप्र द्वारा आयोजित सम्मान भोज में शहर के वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों को संबोधित कर रहे थे। अपनी विशिष्ट शैली के लिए पहचाने जाने वाले श्री अग्निहोत्री ने वर्तमान मीडिया परिदृश्य पर चुटीले अंदाज में प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को साहब या मंत्री को महाराज कहना पत्रकारों के लिए कतई उचित नहीं है। उन्होंने सत्ता के केंद्रों के सम्मुख मीडिया संस्थानों के समर्पण पर चिंता जताते हुए कहा कि आज वेब चैनलों और इंडिपेंडेंट मीडिया के माध्यम से कई नए अवसर खुले हैं। यदि आपमें दम है और मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से उठाना जानते हैं, तो किसी संस्थान की गुलामी करने की आवश्यकता नहीं है। :: छोटे अखबारों के हितों की रक्षा करेगा नया संगठन :: एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया की प्रासंगिकता बताते हुए श्री अग्निहोत्री ने कहा कि देश के मौजूदा संगठन केवल बड़े और अंग्रेजी अखबारों को तवज्जो देते हैं, जबकि उन्हें शासन के संरक्षण की खास जरूरत नहीं है। असली जरूरत छोटे पत्र-पत्रिकाओं और छोटे शहरों के पत्रकारों को है, जिनके हितों की रक्षा के लिए यह नया संगठन देश भर में काम करेगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रकाश हिंदुस्तानी, डॉ. सुभाष खंडेलवाल, अभिलाष शुक्ला, दीपक माहेश्वरी, प्रवीण कुमार खारीवाल और नवनीत शुक्ला ने उनका स्वागत किया। संचालन आलोक वाजपेई ने किया एवं आभार प्रवीण खारीवाल ने माना। प्रकाश/04 मई 2026