नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में जश्न मना रही है। राजधानी नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जीत का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब मंच से पंजाब को लेकर जोरदार नारे गूंजने लगे। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ नारे लगाए— “बंगाल की जीत हमारी है, अब पंजाब की बारी है।” पार्टी मुख्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच जीत का उत्साह साफ दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों, नारों और जयघोष के बीच एक के बाद एक ऐसे संदेश दिए गए, जिन्होंने साफ संकेत दे दिया कि अब पार्टी की नजर पंजाब विधानसभा चुनाव पर टिक चुकी है। कार्यक्रम के दौरान “बंगाल में खिला कमल, अब पंजाब पर नजर” और “बंगाल में मारी बाजी, अब पंजाब में तैयारी” जैसे नारे भी सुनाई दिए। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा की अगली बड़ी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। वर्ष दो हजार सत्ताईस में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने अभी से माहौल बनाना शुरू कर दिया है। बंगाल में पहली बार सत्ता तक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बंगाल की जीत ने पार्टी को नए राज्यों में विस्तार का भरोसा दिया है और अब पंजाब को लेकर संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर सकता है। केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े कई नेताओं ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबोध/०५-०५-२०२६