बंगाल में प्रचंड जनादेश भय, तुष्टिकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है यह टीएमसी के ‘भय’ के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परजनता के ‘भरोसे’ की जीत है। बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे। नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड विजय को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विकास और जनकल्याण कार्यों पर पश्चिम बंगाल की जनता की मुहर बताया। श्री शाह ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए पश्चिम बंगाल की जनता का धन्यवाद देते हुए भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। श्री शाह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन किया और कहा कि यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टिकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह टीएमसी के ‘भय’ के ऊपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में माँ गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे लिखा कि बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुँचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएँ सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूँ। बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूँ। श्री शाह ने लिखा कि बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएँगी। बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे। चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और सोनार बांग्ला के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी।