नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्ट किया कि क्षेत्र में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम पर लगातार करीबी नजर रखी जा रही है और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा कल्याण सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव असीम आर महाजन ने अंतर-मंत्रालयी संवाद के दौरान कहा कि पश्चिम एशिया के खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय का पूरा ध्यान इस क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा, सहायता और आवश्यक समन्वय पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए विदेश मंत्रालय में एक विशेष नियंत्रण कक्ष भी चौबीसों घंटे सक्रिय रखा गया है, जहां भारतीय नागरिक और उनके परिवार किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं। सरकार ने हवाई सेवाओं को लेकर भी राहतभरी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार क्षेत्र से भारत आने वाली उड़ानों की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है और अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सके। समुद्री क्षेत्र को लेकर भी सरकार सतर्क है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग विभाग ने बताया कि सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सुबोध/०५-०५-२०२६